आजमगढ़ में डाला छठ पर दो दर्दनाक हादसे: पोखरे में डूबने से तीन वर्षीय मासूम और शिक्षामित्र की मौत

Two tragic accidents on Chhath in Azamgarh: A three-year-old innocent and a teacher died after drowning in a pond.

आजमगढ़ 16 नवंबर :जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डाला छठ के दौरान पोखरे और पोखरी में डूबने से शिक्षामित्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 40 वर्षीय शिक्षामित्र और तीन साल का मासूम शामिल है। दोनों घटनाओं के बाद पूजा घाटों और गांवों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। त्योहार के दिन हुए इन हादसों से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पूजा के दौरान पैर फिसलने से शिक्षामित्र की मौत

तरवां थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र यादव हडौरा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। रविवार शाम वह अपने परिजनों के साथ कंचनपुर स्थित मलकानी बाबा पोखरे पर डाला छठ की पूजा करने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।परिजनों के अनुसार, घाट पर मौजूद गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें पोखरे से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर के पास पोखरी में डूबा तीन वर्षीय मासूम

वहीं, कंधरापुर थाना क्षेत्र के बर्जी गांव निवासी राकेश का तीन वर्षीय पुत्र अर्पित रविवार शाम अन्य बच्चों के साथ डाला छठ की पूजा देखने पोखरे की ओर जा रहा था। घर के पास पोखरी के रास्ते से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।काफी देर तक अर्पित के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर पोखरी में उतराए उसके शव पर पड़ी। ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।दोनों हादसों के बाद संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। डाला छठ जैसे पावन पर्व पर हुए इन दर्दनाक हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button