Azamgarh news :यूपीटीईटी परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम, एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
यूपीटीईटी परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम, एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

परीक्षा की प्रत्येक व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी एवं प्रश्नपत्र सुरक्षा के दिए निर्देश
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को जनपद आजमगढ़ में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शुचिता पूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एसएसपी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर एवं अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज का भ्रमण कर परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा प्रबंधों, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता न होने पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी एवं प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जनपद में यूपीटीईटी-2026 परीक्षा का आयोजन 14 परीक्षा केंद्रों पर 02 एवं 03 जुलाई 2026 को प्रथम एवं द्वितीय दोनों पालियों में तथा 04 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में किया जा रहा है। परीक्षा की कुल पांच पालियों में प्रत्येक पाली में 6,432 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार कुल 32,160 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आजमगढ़ मंडल में परीक्षार्थियों के आवागमन हेतु अतिरिक्त बसों का संचालन कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आजमगढ़ रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस स्टेशन से सभी 14 परीक्षा केंद्रों की दूरी, रूटचार्ट तथा निकटवर्ती धर्मशालाओं एवं मैरिज लॉन की सूची तैयार कर प्रमुख स्थानों पर चस्पा की गई है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक रूप से प्रसारित की गई है।
साथ ही जनपद में संचालित सभी होटल एवं लॉज में उपलब्ध कमरों की सूची, संबंधित प्रबंधकों के नाम एवं मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को आवास संबंधी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, प्रवेश पत्र एवं निर्धारित पहचान पत्र साथ रखें तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।



