Azamgarh news :ऑपरेशन वज्रपात के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल रील बनाकर दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले 02 आरोपियों को किया गिरफ्तार
ऑपरेशन वज्रपात के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर स्टाइल रील बनाकर दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले 02 आरोपियों को किया गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी के कुशल नेतृत्व में जनपद में संचालित “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर बढ़ती गैंग संस्कृति एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान थाना कन्धरापुर पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ युवक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए हथियारनुमा वस्तु के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं, जिससे आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न होने की संभावना थी।
जांच के दौरान यह पाया गया कि—
1. बदरे आलम पुत्र नुरूलहुदा, निवासी बिसौली, थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 19 वर्ष।
2. उबैद अहमद पुत्र नूर अहमद, निवासी बिसौली, थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 22 वर्ष।
द्वारा प्लास्टिक के तमंचे के साथ वीडियो बनाकर फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट कर स्वयं का रौब एवं गैंगस्टर जैसी छवि प्रदर्शित की जा रही थी।
थाना कन्धरापुर पुलिस द्वारा दोनों युवकों को चिन्हित कर धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात थाना परिसर में उनके अभिभावकों की उपस्थिति में विस्तृत काउंसलिंग कर कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का पालन करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने एवं सकारात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित करें।
सोशल मीडिया पर हथियार, गैंग संस्कृति अथवा आपराधिक छवि प्रदर्शित करने वाले वीडियो/रील बनाना एवं प्रसारित करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



