Azamgarh News:ड्राइवरों की मांगों को लेकर 30 जून से चल रहा धरना स्थगित, आरटीओ के आश्वासन पर मंगलवार तक दिया गया समय

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

ड्राइवरों की मांगों को लेकर 30 जून से चल रहा धरना स्थगित, आरटीओ के आश्वासन पर मंगलवार तक दिया गया समय

आजमगढ़ जनपद में वाहन चालकों की विभिन्न मांगों को लेकर वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के बैनर तले रिक्शा स्टैंड कलेक्ट्रेट आजमगढ़ परिसर में 30 जून से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन फिलहाल मंगलवार तक के लिए स्थगितं कर दिया गया है। संगठन का कहना है कि यदि तय समय सीमा तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो धरना-प्रदर्शन दोबारा शुरू किया जाएगा।

धरना स्थल पर देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे सैकड़ों वाहन चालकों ने चालक हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुटता दिखाई। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय चालक आयोग के गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड की स्थापना, चालकों के लिए सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, पेंशन, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सुविधा और सड़क दुर्घटना में मृत चालक को शहीद का दर्जा देने सहित कई मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं।

धरना की जानकारी मिलने पर 3 जुलाई को आरटीओ सुनील कुमार एवं एआरटीओ अतुल यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता कर मुख्यालय स्तर पर अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तथा मंगलवार तक का समय मांगा। अधिकारियों के अनुरोध पर संगठन ने धरना-प्रदर्शन को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि मंगलवार तक वार्ता सफल नहीं होती और मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तो वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत पुनः धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी और आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में देश और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों वाहन चालकों ने भाग लिया और चालक समुदाय के अधिकारों की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि देशभर के लाखों वाहन चालकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button