Azamgarh News:स्वामी विवेकानन्द की पुण्यतिथि पर कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में श्रद्धांजलि सभा
*स्वामी विवेकानन्द की पुण्यतिथि पर कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में श्रद्धांजलि सभा, युवाओं को दिए आदर्शों पर चलने के संदेश*
बरदह (आजमगढ़)। कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बरदह में शनिवार को महान संत, विचारक एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संस्थान के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन, उनके प्रेरणादायी विचारों तथा “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से स्वामी जी के आदर्शों को अपनाते हुए चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई और विद्यार्थियों को समाज एवं देश के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर संचालक अम्बरीष तिवारी, तहसील संयोजक एबीवीपी प्रभात तिवारी, अमित बिंद, छात्रा अंकिता राय, श्रेया तिवारी सहित संस्थान के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



