Azamgarh News:बिलरियागंज में दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल, दो की हालत गंभीर
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज में दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल, दो की हालत गंभीर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क कासिमगंज कस्बा, बिलरियागंज में रविवार की रात करीब 8:30 बजे दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलरियागंज पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार प्रथम पक्ष के इंतखाब आलम पुत्र अबू आला, शादाब आलम पुत्र अबू आला, जावेद पुत्र सेराज, मोहम्मद कैफ पुत्र शाहबाज निवासी कस्बा बिलरियागंज तथा नूर आलम पुत्र रेहान निवासी मोहम्मदपुर थाना बिलरियागंज रविवार रात दुकान बंद कर एक साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि द्वितीय पक्ष के लगभग 8 से 10 लोग अचानक पहुंच गए और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे प्रथम पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के जियाउर रहमान सहित एक-दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद प्रथम पक्ष के घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने नूर आलम और शादाब की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। अन्य घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
घायल मोहम्मद कैफ का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अचानक लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हालांकि घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



