आजमगढ़:शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने छीना आशियाना: मंडई में लगी भीषण आग, बाइक समेत गृहस्थी राख

लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर किया नुकसान का आकलन, एसडीएम बोले- विद्युत विभाग को भेजी जाएगी रिपोर्ट

अतरौलिया (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के भरसानी गांव में सोमवार की देर रात शॉर्ट सर्किट से एक मंडई में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक मोटरसाइकिल समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी और सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। प्राप्त

जानकारी के अनुसार, भरसानी गांव निवासी बिसड़ा देवी पत्नी स्व. रमई राजभर की मंडई में रात करीब दो बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से चिंगारी भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बाल्टी और पंपिंग सेट आदि की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मंडई पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पीड़िता बिसड़ा देवी ने बताया कि इस हादसे में मंडई के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल, अनाज (राशन), बर्तन, चारपाई, बिस्तर और कुर्सी सहित रोजमर्रा के उपयोग का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। सूचना मिलने पर मंगलवार को क्षेत्रीय लेखपाल विनय पांडेय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। इस मामले में उप जिलाधिकारी बुढनपुर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि “भरसानी गांव में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया गया है। रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई व मुआवजे के लिए विद्युत विभाग को भेजी जाएगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button