Azamgarh news :जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ निर्माण स्थल का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ निर्माण स्थल का किया निरीक्षण

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल- जिलाधिकारी
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तहसील सगड़ी के अंतर्गत ग्राम रामनगर बैजाबारी में प्रस्तावित ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ के निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण स्थल का जायजा लेते हुए परियोजना को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप मुख्य मार्ग से ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क की फीलिंग कराई जाए। उन्होंने निर्माण स्थल की भूमि को भी सड़क के निर्धारित स्तर से आवश्यक ऊंचाई तक फीलिंग कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का प्रमुख केंद्र होगा। इस केन्द्र में बाढ़ के समय बाहर से आने वाली एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं अन्य रेस्क्यू टीमों के ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त इमरजेन्सी उपकरण, सामग्री तथा आवश्यक संसाधनों का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा। यह कदम जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) को निर्देश दिया कि ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ के निर्माण का डीपीआर निर्धारित समय के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई समय से सुनिश्चित की जा सके तथा निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया कि निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को तत्काल नियमानुसार अन्यत्र स्थानांतरित (शिफ्ट) करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की पहल पर ‘‘आपदा बचाव कन्ट्रोल केन्द्र’’ का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण से बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन में गति आएगी तथा प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड), अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



