Azamgarh News:युवती से दुष्कर्म मामले में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक कार्रवाई शुरू

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय:
युवती से दुष्कर्म मामले में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक कार्रवाई शुरू
बिलरियागंज (आजमगढ़)। थाना बिलरियागंज पुलिस ने 21 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के मामले में नामजद दो वांछित आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजन की तहरीर पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अश्वनी और मोहम्मद अमजद ने युवती को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, परिजनों की अनुपस्थिति में घर पर भी आकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद युवती की तबीयत खराब होने पर चिकित्सकीय जांच और सोनोग्राफी में उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। पूछताछ में पीड़िता ने दोनों आरोपियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसके आधार पर थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 185/2026 के तहत धारा 70(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी शहाबुद्दीनपुर मंदिर पोखरा के पास वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सुबह करीब 10:10 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्वनी पुत्र स्वर्गीय गुड्डू मोदनवाल, निवासी पुराना चौक, कस्बा बिलरियागंज तथा मोहम्मद अमजद पुत्र मोहम्मद सिद्दीक, निवासी नसीरपुर, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, कांस्टेबल विमल शंकर, अनिल कुमार सरोज तथा महिला कांस्टेबल रोली मिश्रा शामिल रहीं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।



