आजमगढ़ में दो करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी और मोबाइल भी बरामद

मुबारकपुर पुलिस ने ऑपरेशन त्रिशूल के तहत की कार्रवाई, 1 किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद

आजमगढ़ 23 नवंबर :जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मुबारकपुर पुलिस ने दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो डिब्बे रासायनिक पदार्थ (ब्रुसीन) और 1,130 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22/23 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12:55 बजे मुबारकपुर पुलिस बावन बीघा पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से उक्त सामान बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिल (20) पुत्र समसुद्दीन निवासी कोटकिला बारहदरी, शाहीन कॉलोनी और जीशान (21) पुत्र साजिद निवासी कोटकिला नाला धर्मू, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

हीरापट्टी से ब्रह्मस्थान के रास्ते पर लिया था मादक पदार्थ

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करते हैं। दोनों हीरापट्टी से ब्रह्मस्थान जाने वाले रास्ते पर दो अन्य व्यक्तियों से मादक पदार्थ प्राप्त कर स्कूटी से बिक्री के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों ने मादक पदार्थ के पैकेट स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। साथ में इलेक्ट्रॉनिक तराजू और रासायनिक पदार्थ के डिब्बे भी थे। पुलिस अब आरोपियों द्वारा बताए गए अन्य व्यक्तियों की तलाश और मामले की आगे की जांच कर रही है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना मुबारकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों के बारे में भी जांच कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विश्वदीप सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार तथा कांस्टेबल छोटेलाल गोड़, गोविन्दा, रामाकान्त यादव और नन्दलाल कुशवाह सिंह शामिल रहे।पुलिस की अपील: आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित सूचना फोटो, वीडियो और लोकेशन के साथ व्हाट्सएप नंबर 91518 28820 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button