Azamgarh news :वृक्षारोपण महायज्ञ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वृक्षारोपण महायज्ञ एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कंट्रोल रूम से घंटे-घंटे ली अभियान की प्रगति, पौधरोपण के साथ जियो-टैगिंग भी सुनिश्चित

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं जनसहभागिता से जनपद आजमगढ़ में 65 लाख पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया। पूरे जनपद में शासन के निर्देशानुसार व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कोटवा स्थित राजकीय उद्यान एवं एसकेपी मैदान स्थित “गंभीर वन” में पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर हैं। प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

कोटवा उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने भी पौधरोपण कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

पौधरोपण के उपरांत जिलाधिकारी ने कोटवा स्थित राजकीय उद्यान का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आम्रपाली आम, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों एवं नर्सरी का अवलोकन किया। उन्होंने पौध उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अधिकाधिक उपयोगी एवं उन्नत प्रजातियों के पौध तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान में संचालित मधुमक्खी पालन कार्य का भी निरीक्षण किया तथा इसे आयवर्धन एवं कृषि आधारित आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके विस्तार पर बल दिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने वन विभाग कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर जनपद में संचालित 65 लाख वृक्षारोपण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अभियान की घंटेवार प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों एवं विकासखंडों में चल रहे पौधरोपण कार्यों की सतत निगरानी की। कंट्रोल रूम में जनपद के विभिन्न स्थलों से पौधरोपण के फोटो एवं प्रगति विवरण निरंतर प्राप्त हो रहे थे, जिनका जिलाधिकारी ने अवलोकन किया ।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक रोपित पौधे की जियो-टैगिंग समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधरोपण की पारदर्शी मॉनिटरिंग एवं भविष्य में पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

पूरे जनपद में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, वन क्षेत्रों तथा अन्य निर्धारित स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए “एक पेड़ मां के नाम” के संदेश को आत्मसात किया और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि “प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।” उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button