Azamgarh news:न्यायालय की कमीशन टीम के सामने खूनी संघर्ष, पांच लोग घायल

जरीब निकालते ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप; चार के सिर फटे, महिला का हाथ टूटा

आजमगढ़। कन्धरापुर थाना क्षेत्र के विशैली गांव में सरकारी भूमि पर मकान निर्माण और सार्वजनिक रास्ते पर मकान का बरजा निकालने को लेकर चल रहा विवाद रविवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब दीवानी न्यायालय, आजमगढ़ से नियुक्त कमीशन की टीम मौके पर नापी के लिए पहुंची।बताया गया कि चन्द्रजीत यादव द्वारा सरकारी भूमि पर मकान निर्माण कराने तथा सार्वजनिक रास्ते पर मकान का बरजा निकालने को लेकर जयसिंह यादव उर्फ पल्लू यादव का विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर जयसिंह यादव उर्फ पल्लू यादव ने दीवानी न्यायालय, आजमगढ़ में मुकदमा दाखिल किया था। न्यायालय के आदेश पर मामले की नापी के लिए कमीशन की टीम रविवार को मौके पर पहुंची थी।

 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जैसे ही कमीशन की टीम ने मौके पर नापी के लिए जरीब निकाली, विपक्षी पक्ष के लोग पहले से ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर तैयार थे। जरीब निकलते ही आरोपितों ने हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान घनश्याम यादव पुत्र सहदेव यादव, निवासी ग्राम चकभाई खाँ, भादुली, आजमगढ़, जो चन्द्रजीत यादव के दामाद बताए जा रहे हैं, ने जयसिंह यादव उर्फ पल्लू यादव पर लाठी से हमला किया। हमले में जयसिंह यादव के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया।घटना में निक्की यादव और अंजू यादव के सिर में भी गंभीर चोटें आईं। रंजू यादव पुत्री जयसिंह यादव का भी सिर फट गया, जबकि कलावती देवी पत्नी जयसिंह यादव का हाथ टूट गया। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चन्द्रजीत यादव पुत्र स्वर्गीय सुमेर यादव, अजय यादव पुत्र घनश्याम यादव, रिषभ यादव पुत्र अज्ञात, निर्मला पत्नी चन्द्रजीत यादव, किरनमती पत्नी चन्द्रजीत यादव, मुन्ना पुत्र चन्द्रजीत यादव, अनील यादव तथा घनश्याम यादव पुत्र सहदेव यादव निवासी ग्राम चकभाई खाँ, भादुली, आजमगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने एकजुट होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अखिलेश यादव को सौंपी है।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्ते से जुड़े विवाद में न्यायालय की कमीशन टीम के सामने हुई मारपीट ने मामले को गंभीर बना दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button