आजमगढ़ में पुलिस का डबल एक्शन,बैंक टप्पेबाज गिरोह के सरगना और गोतस्कर समेत तीन को लगी गोली,पांच गिरफ्तार
बैंक में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के सरगना और अंतरराज्यीय गोतस्कर को लगी गोली, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा; असलहे, कारतूस और वाहन बरामद
आजमगढ़ 25 नवंबर : जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार, 25 नवंबर को पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मुठभेड़ों में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायलों में बैंक में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का कथित सरगना अमित साहनी और अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह का आरोपी शोएब उर्फ गेंदा शामिल है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार, पहली मुठभेड़ थाना जीयनपुर क्षेत्र में महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग के पास बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। आरोप है कि इस दौरान एक बदमाश ने बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के कथित सरगना अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके दो साथियों शिवा साहनी और सुनील साहनी को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपी देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के निवासी हैं। इनका गिरोह बैंकों में रुपये जमा करने या निकालने आने वाले लोगों की रेकी करता था। मदद करने अथवा अधिक रुपये देने का झांसा देकर लोगों को विश्वास में लेते और असली नकदी लेकर बदले में कागज की गड्डी थमा देते थे।जीयनपुर पुलिस के अनुसार, इसी गिरोह ने 10 अगस्त को अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में धर्मराज चौहान से 74 हजार रुपये तथा 29 अक्टूबर को भारतीय बैंक जीयनपुर से रुपये निकालकर जा रही एक बुजुर्ग महिला से 49 हजार रुपये की ठगी की थी। दोनों घटनाओं में कुल 1.23 लाख रुपये की ठगी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।वहीं दूसरी मुठभेड़ थाना जहानागंज क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे ग्राम मंदे बागीचा के पास भुजही नहर पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी कर रहे हैं। इसके बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक चारपहिया गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल शोएब को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते थे। गिरोह के सदस्य पहले चारपहिया वाहन से सुनसान रास्तों और स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद पशुओं को ट्रक या पिकअप से हाईवे किनारे खड़े कंटेनरों में लदवाकर उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाते थे। पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाते थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अवैध असलहों का इस्तेमाल करते थे।जहानागंज पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, तीन खोखा और दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद तथा प्रतिबंधित पशुओं को बांधने और परिवहन में इस्तेमाल होने वाली चार प्लास्टिक की रस्सियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, शोएब के खिलाफ 10 और मुस्तफा रजा के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध विभिन्न जिलों में कुल 12 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।दोनों मुठभेड़ों में गिरफ्तार पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई इन कार्रवाइयों को पुलिस ने संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया है।



