आजमगढ़:अनुशासनहीनता पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की बड़ी कार्रवाई, उप निरीक्षक व रिक्रुट आरक्षी निलंबित

Azamgarh: SSP Dr. Anil Kumar takes major action against indiscipline, sub-inspector and recruit constable suspended

आजमगढ़, 26 जुलाई। जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और कार्यकुशलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। एक उप निरीक्षक और एक रिक्रुट आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं।प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना मेंहनगर पर नियुक्त उप निरीक्षक ना.पु. उमेश कुमार सिंह द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता बरतने का मामला प्रथम दृष्टया संज्ञान में आया। उन पर थाना में पंजीकृत अभियोग में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास न करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप है। मामले को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 जुलाई 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।इसी क्रम में थाना गंभीरपुर पर नियुक्त रिक्रुट आरक्षी ना.पु. रूद्र प्रताप सिंह के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की गई। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी पहरा/निगरानी ड्यूटी का समुचित निर्वहन नहीं किया तथा अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता प्रदर्शित की। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए।पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की प्राथमिकता पुलिस व्यवस्था को अधिक अनुशासित, उत्तरदायी और प्रभावी बनाना है। इसी उद्देश्य से कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के समस्त पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे अपने पदीय दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जनविश्वास को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button