Azamgarh News:आजमगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, दो थानाध्यक्ष निलंबित; चार थानों में नए प्रभारी

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, दो थानाध्यक्ष निलंबित; चार थानों में नए प्रभारी

आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में अहरौला व अतरौलिया के थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं जनहित एवं रिक्ति के सापेक्ष कई उपनिरीक्षकों के तबादले करते हुए नए थाना प्रभारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थानाध्यक्ष अहरौला उपनिरीक्षक मंतोष सिंह तथा थानाध्यक्ष अतरौलिया उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ दुबे को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। दोनों अधिकारियों पर विवेचनाओं को लंबित रखने, निर्धारित समय में मामलों का निस्तारण नहीं करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना के आरोप पाए गए हैं। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

निलंबन के बाद उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार दुबे को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष अतरौलिया बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक राम किशोर शर्मा को पुलिस चौकी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष अहरौला की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा उपनिरीक्षक अतुल कुमार मिश्र को थानाध्यक्ष जहानागंज से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष बिलरियागंज बनाया गया है, जबकि बिलरियागंज के वर्तमान थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्र को स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष जहानागंज नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में म0उ0नि0 प्रियंका तिवारी को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर प्रभारी चौकी ब्रह्मस्थान, थाना कोतवाली तथा उपनिरीक्षक मो. सत्तार को पुलिस लाइन से थाना मुबारकपुर भेजा गया है।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों को अपने पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button