Azamgarh news:जनता से दुर्व्यवहार और विवेचना में लापरवाही, दरोगा निलंबित

Azamgarh news: Public abuse and negligence in judgment, policeman suspended

आजमगढ़, 5 अगस्त:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) ओमप्रकाश मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए हैं।पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा पर थाना पवई में तैनाती के दौरान पंजीकृत कई मुकदमों की विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप है। इनमें एक लूट का मुकदमा भी शामिल है, जिसे बाद में डकैती की धारा में तरमीम किया गया। आरोप है कि उच्चाधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद उन्होंने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया तथा मुकदमों के निस्तारण में भी रुचि नहीं दिखाई।विज्ञप्ति के अनुसार, क्षेत्र में भ्रमण, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान आमजन के साथ अमर्यादित एवं दुर्व्यवहारपूर्ण व्यवहार करने तथा पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का मामला भी प्रथम दृष्टया संज्ञान में आया है। इसे गंभीर अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है।एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस कर्मियों को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करें। कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button