आजमगढ़ में अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी निगरानी,पांच को थाने में हाजिरी के आदेश
Strict surveillance of the police on the activities of criminals in Azamgarh, orders to appear in the police station on Thursday

आजमगढ़, 6 अगस्त। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) ने पांच अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें आगामी चार माह तक प्रत्येक पखवाड़े संबंधित थाने में प्रभारी निरीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज कराने का आदेश दिया है। आदेश का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जिन लोगों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है उनमें रानी की सराय थाना क्षेत्र के घाटीपट्टी निवासी करन विश्वकर्मा और सूरज, निजामाबाद थाना क्षेत्र के रेवरा परवेजपुर निवासी आकाश यादव, देवगांव थाना क्षेत्र के चेवार पश्चिम निवासी संकज तथा जीयनपुर थाना क्षेत्र के कुरैश नगर निवासी फकरे आलम उर्फ फकरू शामिल हैं।पुलिस के अनुसार इन सभी के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, धमकी, चोरी, हत्या के प्रयास तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इन्हीं आपराधिक गतिविधियों के आधार पर इनके खिलाफ गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



