Azamgarh News:₹43 लाख की जमीन धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, कंधरापुर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
₹43 लाख की जमीन धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, कंधरापुर पुलिस की कार्रवाई
आजमगढ़, जनपद के कंधरापुर थाना पुलिस ने 43 लाख रुपये की भूमि धोखाधड़ी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी पर जमीन का बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने के बावजूद बैनामा न करने तथा रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान बैंक खातों एवं अन्य अभिलेखीय साक्ष्यों की जांच में दिवाकर पुत्र परसन निवासी कम्हेनपुर, थाना कंधरापुर का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गुरुवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ ग्राम कम्हेनपुर से करीब 10:30 बजे आरोपी दिवाकर (59 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना कंधरापुर में मु0अ0सं0-84/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अजय कुमार त्रिपाठी एवं कांस्टेबल नितिन कुमार मिश्रा शामिल रहे।



