Azamgarh News:हर घर तिरंगा अभियान में गूंजे देशभक्ति के जयघोष, जिला महिला चिकित्सालय से निकली भव्य तिरंगा यात्रा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
हर घर तिरंगा अभियान में गूंजे देशभक्ति के जयघोष, जिला महिला चिकित्सालय से निकली भव्य तिरंगा यात्रा
आजमगढ़, हर घर तिरंगा अभियान (9 से 17 अगस्त) के तहत गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व अपर निदेशक, आजमगढ़ मंडल डॉ. विजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा एवं जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने किया।
तिरंगा यात्रा चिकित्सालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में भ्रमण करते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें चिकित्सकों, एएनएमटीसी की नर्सिंग छात्राओं, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
इस दौरान “भारत माता की जय”, “जय जवान-जय किसान”, “अमर शहीद अमर रहें” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। नर्सिंग छात्राओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों के जोशीले नारों ने यात्रा में विशेष उत्साह भर दिया।
अपर निदेशक डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, स्वतंत्रता और वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं। यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक पटेल, डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी, डॉ. श्रेष्ठा अग्रवाल, मैट्रेन दुर्गा देवी, स्मिता राय, शकुंतला यादव, एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



