Azamgarh news;तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर महिलाओं को बेहोश करने वाला गिरोह बेनकाब, चोरी का माल बरामद

Azamgarh news: Gang that made women unconscious by showing fear of tantra-mantra exposed, stolen goods recovered

आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर घर से जेवरात व नगदी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी के जेवरात सस्ते दामों में खरीदकर गलाने वाला सुनार भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र के दो लॉकेट, नाक की कील, 700 रुपये नकद, आठ सिक्के और झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, जलंधरी निवासी गुड़िया ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि करीब चार माह पहले मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक चंदा मांगने के बहाने उसके घर पहुंचे थे। उसकी बेटी की तबीयत खराब होने की बात जानकर दोनों ने झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया। इसके बाद गुड़िया अपनी बेटी और बहन के साथ उनके बताए स्थान पर गई, जहां उन्हें ताबीज दिया गया।आरोप है कि अगले दिन दोनों युवक उसके घर पहुंचे और झाड़-फूंक के नाम पर पानी में कुछ मिलाकर पिलाया तथा कोई पदार्थ सुंघाया। इससे गुड़िया, उसकी बेटी और बहन बेहोश हो गईं। इसी दौरान आरोपियों ने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।इसी तरह बाज बहादुर निवासी रिजवान अहमद ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मार्च 2026 को दो लोग झाड़-फूंक और चंदा मांगने के बहाने उसके घर आए। आरोपियों ने उसकी पत्नी को तंत्र-मंत्र और काले साये का डर दिखाकर भ्रमित किया। इसके बाद फूंका हुआ पानी छिड़कने और कोई पदार्थ सुंघाने से वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी घर से जेवरात चोरी कर ले गए।

कोट तिराहे से तीनों गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 13 अगस्त की रात करीब 11:28 बजे कोट तिराहे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजम (24), अब्दुल राजिक (29) निवासी कोईलाडी बुजुर्ग और सूरज वर्मा (38) के रूप में हुई।पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक महिलाओं को झाड़-फूंक व तंत्र-मंत्र के नाम पर विश्वास में लेते थे। इसके बाद उन्हें बेहोशी की दवा पिलाकर या सुंघाकर घर में रखे जेवरात और नगदी चोरी कर लेते थे। चोरी के जेवरात सूरज वर्मा सस्ते दामों में खरीदकर उन्हें गलाकर आगे बेच देता था।

मंगलसूत्र, नाक की कील और तंत्र-मंत्र का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक नाक की कील, 700 रुपये नकद, आठ सिक्के, मिट्टी का मटका, कांच की शीशी, करीब 150-200 ग्राम काली सरसों समेत झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया है।पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, कांस्टेबल पिन्टु यादव, रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक जायसवाल और रिजर्व कांस्टेबल गिरिजाशंकर शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button