Azamgarh News:देशभक्ति के रंग में रंगा गोपालपुर, तिरंगे के साथ गूंजा भारत माता का जयघोष

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

देशभक्ति के रंग में रंगा गोपालपुर, तिरंगे के साथ गूंजा भारत माता का जयघोष

सरकारी संस्थानों से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

ट्रैक्टर-बाइक व ऑटो रैली में दिखा राष्ट्रप्रेम का जोश

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। सरकारी कार्यालयों, थाना, विकासखंड, विद्युत उपकेंद्र, बैंक एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जगह-जगह राष्ट्रगान हुआ और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘वीर सपूत अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
बिलरियागंज थाना परिसर में थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने समस्त उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों एवं आरक्षियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और पुलिसकर्मियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।
इसी क्रम में बिलरियागंज विकासखंड परिसर में खंड विकास अधिकारी इद्रीश अली ने अपने पूरे स्टाफ के साथ ध्वजारोहण किया। स्वामी सहजानंद आईटीआई स्कूल पटवध कौतुक में धनवंतरी राय तथा स्वामी सहजानंद पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट में निदेशक इंद्रासन राय ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान कराया और मिष्ठान वितरित किया।
बाबा विश्वनाथ इंटर कॉलेज में गोपालपुर विधायक नफीस अहमद ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाया।
स्वतंत्रता दिवस पर क्षेत्र में अलग-अलग रैलियों का भी आयोजन किया गया। ट्रैक्टर रैली, बाइक रैली और ऑटो रिक्शा रैली तिरंगे से सजी नजर आई। रैली बिलरियागंज से निकलकर जैगहां बाजार, गोरिया बाजार, फुलवा, नसीरपुर होते हुए पुनः बिलरियागंज पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान देशभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिलरियागंज थाना अध्यक्ष अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे। पुलिस की मौजूदगी में रैलियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।
वहीं विद्युत उपखंड अधिकारी तुषार श्रीवास्तव ने गुलवा स्थित कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया, जबकि अवर अभियंता रितेश चौधरी ने अपने पूरे स्टाफ के साथ विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक में तिरंगा फहराया। बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में शाखा प्रबंधक चंद्रजीत यादव ने ध्वजारोहण किया।
रामकृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चांदपुर पटवध में प्रधानाचार्य डॉ. विश्वनाथ गुप्ता ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान कराया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रमों में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हर ओर लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने माहौल को भावुक बना दिया। मानो हर दिल एक ही संदेश दे रहा हो—देश सर्वोपरि है और देश की आन-बान-शान तिरंगा सदैव ऊंचा रहे।
‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘वीर सपूत अमर रहें’ के नारों के साथ गोपालपुर क्षेत्र ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button