Azamgarh News:थाना दिवस पर पांच फरियादियों ने लगाई न्याय की गुहार, दो मामलों का मौके पर निस्तारण
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज थाने में थाना प्रभारी अतुल कुमार दुबे ने सुनीं समस्याएं, शेष मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस टीम को सौंपी जिम्मेदारी
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना परिसर में थाना दिवस के अवसर पर शनिवार को फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान राजस्व विभाग के कानूनगो एवं लेखपाल उपस्थित रहे। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर कुल पांच प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
थाना प्रभारी अतुल कुमार दुबे ने सभी प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली। इनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष तीन मामलों के समाधान के लिए संबंधित हल्का उपनिरीक्षकों, पुलिसकर्मियों एवं लेखपालों को आवश्यक निर्देश देते हुए जिम्मेदारी सौंपी गई।
थाना प्रभारी ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निष्पक्षता एवं प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
थाना दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।



