Azamgarh News:भाजपा मंडल अध्यक्ष रूद्रप्रकाश राय के नेतृत्व में चला हर घर तिरंगा अभियान, शहीदों के आश्रितों को अंगवस्त्रम व माला पहनाकर किया सम्मान
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
तिरंगे से सजा बिलरियागंज मंडल, शहीदों के परिजनों का सम्मान कर मनाया देशभक्ति का पर्व
भाजपा मंडल अध्यक्ष रूद्रप्रकाश राय के नेतृत्व में चला हर घर तिरंगा अभियान, शहीदों के आश्रितों को अंगवस्त्रम व माला पहनाकर किया सम्मान
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज मंडल अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के बिलरियागंज में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भाजपा मंडल अध्यक्ष रूद्रप्रकाश राय के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान चलाते हुए लोगों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया। वहीं देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के आश्रितों को अंगवस्त्रम एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों को नमन करते हुए कार्यकर्ताओं और लोगों ने ‘वीर शहीद अमर रहें’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से गुंजायमान कर दिया। शहीद परिवारों के सम्मान का दृश्य लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटवध सरैया बाजार, चांदपुर, मानपुर, पटवध कौतुक तथा श्रीनगर (सियरहां) सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को तिरंगा झंडा वितरित किया। जैसे ही लोगों के हाथों में तिरंगा पहुंचा, उनके चेहरे खुशी और गर्व से खिल उठे। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराया।
तिरंगे से सजे घरों और गलियों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में राष्ट्रीय ध्वज को लेकर उत्साह देखने को मिला। हर घर पर लहराता तिरंगा मानो देश के वीर सपूतों के बलिदान और भारत की एकता का संदेश दे रहा था।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के गौरव, त्याग, शांति और निरंतर प्रगति का संदेश देते हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीदों को याद करना और उनके परिवारों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, दीपक मिश्रा, विशाल सेठ, सूर्य प्रकाश मिश्रा, लालचंद यादव, सच्चिदानंद मिश्रा, कृपाशंकर राय, सूरज राय, लक्ष्मण प्रसाद, संतोष पासवान, जयराम यादव, डॉ. बिजेंदर राय, रविशंकर तिवारी, संतोष राय सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



