Azamgarh News:लालगंज तहसील परिसर में नवनिर्मित नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का डीएम एवं एसएसपी ने किया शुभारम्भ
लालगंज तहसील परिसर में नवनिर्मित नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का डीएम एवं एसएसपी ने किया शुभारम्भ
महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तीकरण एवं उद्यमशीलता को मिला नया मंच
महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल : जिलाधिकारी
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महिला स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका- जिलाधिकारी
आजमगढ़, 17 अगस्त, 2026।
महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता के अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण आजीविका को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में जनपद में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में लालगंज तहसील परिसर में नवनिर्मित नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का शुभारम्भ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल प्रेरणा कैंटीन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार का प्रभावी मंच मिलेगा। कैंटीन के संचालन से समूह की महिलाओं को अपनी मेहनत, कौशल एवं उद्यमशीलता के माध्यम से नियमित आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही तहसील परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को स्थानीय स्तर पर स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं उचित दर पर खान-पान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं केवल अपने परिवार की आय बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं महिला स्वावलंबन की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। महिलाओं के हाथों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर आने से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की पहल एवं प्रेरणा से जनपद के अन्य महिला स्वयं सहायता समूह भी मॉडल प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे आने वाले समय में महिला समूहों के लिए उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रेरणा कैंटीन का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा खान-पान की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। कैंटीन में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का नियमित रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार ने भी महिला स्वयं सहायता समूहों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने वाली ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनती हैं। महिला समूहों द्वारा संचालित कैंटीन से महिलाओं को अपने हुनर को व्यवसाय में बदलने का अवसर मिलेगा।
नारी शक्ति प्रेरणा कैंटीन का संचालन महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाओं को भोजन एवं अन्य खान-पान सामग्री तैयार करने, प्रबंधन, बिक्री तथा ग्राहक सेवा के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा। यह पहल महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने में सहायक होगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कैंटीन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा महिला समूह की सदस्यों से बातचीत कर उनके अनुभव एवं कार्ययोजना की जानकारी ली। महिला समूह की सदस्यों ने कैंटीन के संचालन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें अपनी आजीविका को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने का बेहतर अवसर प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, उपायुक्त स्वतः रोजगार डॉ0 अराधना त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, खंड विकास अधिकारी लालगंज सहित संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



