Azamgarh News:बीडीयो इद्रीश अली की पहल से बदली तस्वीर, बच्चों को मिला पानी तो राह भी हुई साफ

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

बीडीयो इद्रीश अली की पहल से बदली तस्वीर, बच्चों को मिला पानी तो राह भी हुई साफ

बिलरियागंज, आजमगढ़। विकासखंड बिलरियागंज के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) इद्रीश अली की पहल से क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई और जनसमस्याओं के समाधान की मिसाल सामने आई है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां में काफी दिनों से खराब पड़े सरकारी हैंडपंप की समस्या की जानकारी मिलते ही बीडीओ ने तत्काल जेई और सेक्रेटरी को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर हैंडपंप को रीबोर कराने का कार्य शुरू कराया।
हैंडपंप खराब होने से विद्यालय के बच्चों को पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। हैंडपंप के रीबोर का काम शुरू होते ही बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने त्वरित कार्रवाई के लिए बीडीओ इद्रीश अली के प्रति आभार जताया।
इसी क्रम में पटवध सरैया बाजार से चांदपुर और मानपुर गांव जाने वाले मार्ग पर उगी झाड़ियों और घास की समस्या का संज्ञान लेते हुए बीडीओ ने सफाई कर्मियों को तत्काल निर्देश दिया। इसके बाद मार्ग की साफ-सफाई कराई गई, जिससे राहगीरों को भी राहत मिली।
क्षेत्र के लोगों में चर्चा है कि इद्रीश अली के बिलरियागंज में बीडीओ का पद संभालने के बाद विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी दिखाई दे रही है। बताया जाता है कि वह कार्यालय में नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं और विकासखंड परिसर में ही आवास होने के कारण क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश देते हैं।
लोगों का कहना है कि किसी अधिकारी के लिए सबसे बड़ी पहचान उसका पद नहीं, बल्कि जनता की समस्या सुनकर उस पर तुरंत कार्रवाई करना है। बीडीओ इद्रीश अली की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में यही भावना देखने को मिल रही है कि ‘समस्या बताइए, समाधान के लिए पहल तुरंत दिखाई देती है।’ विद्यालय के बच्चों को पेयजल और राहगीरों को साफ मार्ग मिलने से इस पहल की हर ओर सराहना हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button