Azamgarh News:मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*
*स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्ती, बिना परमिट वाहनों के संचालन पर रोक के निर्देश*
सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश, हेलमेट-सीटबेल्ट पर विशेष जोर- मंडलायुक्त*
*मण्डल में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट पर की जाए सुधारात्मक कार्यवाही- विवेक*
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट एवं सीटबेल्ट का अनिवार्य प्रयोग सुनिश्चित कराये – आयुक्त*
आजमगढ़, 25 अगस्त 2026//
मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंगलवार को मण्डलायुक्त कार्यालय में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, स्कूली वाहनों की सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही, यातायात नियमों के अनुपालन तथा प्रवर्तन कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आरटीओ प्रवर्तन सुनील दत्त ने मण्डलायुक्त को अवगत कराया कि मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की तृतीय बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों के विरुद्ध की गई प्रवर्तन कार्यवाही के क्रम में 01 अप्रैल 2026 से 24 अगस्त 2026 तक मण्डल के तीनों जनपदों में कुल 656 वाहनों का चालान तथा 169 स्कूली वाहनों को बंद किया गया है। इसी प्रकार मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के अन्तर्गत 01 जुलाई 2026 से 24 अगस्त 2026 तक मण्डल के तीनों जनपदों में 484 वाहनों का चालान तथा 148 स्कूली वाहनों को बंद किया गया है।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि मण्डल के किसी भी जनपद में कोई भी वाहन बिना परमिट के सड़क पर संचालित नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक मानकों की नियमित जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक मण्डल के तीनों जनपदों में कुल 908 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें 644 व्यक्ति घायल तथा 534 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट के संबंध में बताया गया कि जनपद आजमगढ़ में 38, मऊ में 24 तथा बलिया में 33 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही की गई है।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की नियमित समीक्षा की जाए तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में सड़क सुरक्षा के अन्तर्गत परिवहन विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। मण्डल के तीनों जनपदों में परिवहन विभाग द्वारा हेलमेट के संबंध में 10,194, सीटबेल्ट के संबंध में 1,893, नम्बर प्लेट के संबंध में 1,415, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर 1,254, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 1,278 तथा ओवर स्पीड के संबंध में 4,353 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट के संबंध में 2,34,411, सीटबेल्ट के संबंध में 8,626, नम्बर प्लेट के संबंध में 7,448, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर 1,524, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 4,644 तथा ओवर स्पीड के संबंध में 1,034 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने पेट्रोल पम्प संचालकों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हेलमेट एवं सीटबेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के संबंध में शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में हिट एण्ड रन के मामलों की भी समीक्षा की गई। जनपद आजमगढ़ में 01 तथा मऊ में 03 आवेदन हिट एण्ड रन के मामले प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को स्वैच्छिक मदद प्रदान करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किए जाने के संबंध में जनपद आजमगढ़ के 04 तथा मऊ के 02 व्यक्तियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनन्द वर्धन, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ राकेश कुमार पटेल, मुख्य विकास अधिकारी मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त विकास आयुक्त, आरटीओ प्रशासन अश्वनी राजपूत, तीनों जनपदों के एआरटीओ सहित समस्त मण्डलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



