कायदे से रहो,नहीं तो दिनदहाड़े मारूंगा… सिपाही का वीडियो वायरल
Follow the rules, otherwise I will kill you in broad daylight... Policeman's video goes viral
बाराबंकी। पुलिस महानिदेशक से लेकर जिलों के पुलिस अधीक्षक तक मातहतों से सभ्य व्यवहार की अपेक्षा करते हैं, लेकिन बाराबंकी में एक सिपाही का कार सवार से अभद्रता और धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सिपाही युवक से दिनदहाड़े पीटने की धमकी देते हुए यह भी कहता नजर आ रहा है कि उसे न तो कप्तान का डर है और न ही किसी जज का।वायरल वीडियो में सिपाही कार सवार से कह रहा है, “कायदे से रहो, नहीं तो दिनदहाड़े मारूंगा।” वह आगे सड़क पर पटककर मारने की बात कहता है और युवक को कप्तान अथवा जज के पास जाने की चुनौती देता सुनाई दे रहा है।वीडियो में नजर आ रहा सिपाही मेयो पुलिस चौकी पर तैनात आरक्षी कपिल तिवारी बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।पुलिस के अनुसार, घटना 21/22 अगस्त की रात करीब एक बजे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ग्राम सरथरा स्थित हनुमान मंदिर के पास की है। उस समय आरक्षी कपिल तिवारी और रिक्रूट आरक्षी करनदीप गश्त पर थे। इसी दौरान सरथरा निवासी विशाल यादव स्विफ्ट कार से वहां पहुंचा। पुलिस का दावा है कि बातचीत के दौरान विशाल यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और इसी दौरान उसने पूरी बातचीत का वीडियो बना लिया।बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस के मुताबिक, विशाल यादव के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में पांच मुकदमे दर्ज हैं।फिलहाल वीडियो में सिपाही के व्यवहार और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एसपी ने क्षेत्राधिकारी नगर को मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।



