साइड देने को लेकर भिड़े वर्तमान और पूर्व प्रधान, राइफल छीनने की कोशिश का वीडियो वायरल

मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, 23 सेकंड के वीडियो में राइफल को लेकर खींचतान आती दिख रही नजर; पुलिस को अभी तक नहीं मिली तहरीर

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सड़क पर दो गाड़ियों को साइड देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर रूप लेता नजर आया। वर्तमान और पूर्व ग्राम प्रधान के बीच हुई कहासुनी के दौरान राइफल तानने और उसे लेकर छीना-झपटी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वायरल हो रहे 23 सेकंड के वीडियो में दो पक्षों के लोग राइफल को अपनी-अपनी तरफ खींचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि दूसरे पक्ष ने उस पर राइफल तान दी। आरोप है कि सड़क पर दोनों पक्षों की गाड़ियां आमने-सामने आने के बाद साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर वर्तमान ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर राइफल निकालकर दूसरे पक्ष के युवक पर तान दी।बताया जा रहा है कि राइफल वर्तमान ग्राम प्रधान की है, जिन्हें एक मंत्री का करीबी भी बताया जाता है। वहीं, विवाद में शामिल दूसरा पक्ष उसी ग्राम सभा का पूर्व प्रधान बताया जा रहा है।गौरतलब है कि वर्तमान प्रधान का कुछ दिन पहले भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसमें भाजपा के एक नेता को धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का दावा किया गया था।इस मामले में शहर कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button