जेसीबी से सड़क किनारे खुदाई कर डाली पुलिया, कई गांवों को जलभराव से मिली राहत
A culvert was dug along the roadside using a JCB, providing relief from waterlogging to several villages.
ठेकमा, आजमगढ़।कई दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे बिजौली समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली। उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज बलिराम गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सड़क किनारे जेसीबी से खुदाई कर पाइप डलवाया।
बताया गया कि जल निकासी का रास्ता बाधित होने के कारण कई दिनों से गांवों और खेतों में पानी जमा था, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा था। ग्रामीण लगातार समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे।
मंगलवार शाम करीब 4 बजे नायब तहसीलदार अरुण कुमार के साथ प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से खुदाई कर पुलिया के लिए पाइप डालने का कार्य कराया गया। इससे जलभराव के पानी की निकासी का रास्ता साफ हो गया। पानी निकलने से खेतों में जमा पानी कम होगा और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा।इस दौरान थाना प्रभारी बरदह चंद्रदीप कुमार, ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र पटेल, बिजौली ग्राम पंचायत अधिकारी रमेश राम सहित राजस्व टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जल निकासी की व्यवस्था होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



