आजमगढ़ में पंछियों के संरक्षण की अनोखी पहल, आठ लाख की लागत से बनेगा पंछी घर
A unique bird conservation initiative in Azamgarh, a bird house will be built at a cost of eight lakh rupees.
अतरौलिया/आजमगढ़। क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा प्रथम देवस्थान पर पंछियों के संरक्षण और उनके सुरक्षित आश्रय के लिए अनोखी पहल शुरू की गई है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में पंछी घर के निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। गुजरात के व्यवसायी एवं समाजसेवी अखिलेश सिंह के सौजन्य से करीब आठ लाख रुपये की लागत से पंछी घर का निर्माण कराया जा रहा है।भूमि पूजन समाजसेवी जंग बहादुर सिंह और मंदिर के महंत प्रेमदास जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। गुजरात से आई टीम ने भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया। पंछियों के प्रति अखिलेश सिंह के विशेष लगाव और संरक्षण के प्रयासों के चलते इस परियोजना की शुरुआत हुई है। बताया गया कि अखिलेश सिंह इससे पहले बाबा प्रथम देवस्थान पर राजन जी महाराज का कार्यक्रम भी करा चुके हैं। जनपद का यह पहला पंछी घर होगा जिसका शुभारंभ कथावाचक राजन जी महाराज के कर कमरों द्वारा किया जाएगा। अब पंछियों के संरक्षण की इस मुहिम को क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसी क्रम में भैरव धाम, पौहारी जी स्थान, कैलेश्वर धाम और दुर्वासा धाम में भी पंछी घर के निर्माण का कार्य प्रस्तावित किया गया है।
पंछियों को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
महंत प्रेमदास जी महाराज ने कहा कि पंछियों की सेवा भी प्रकृति और जीव-जंतुओं की सेवा का ही एक रूप है। मंदिर परिसर में बनने वाला पंछी घर पक्षियों को सुरक्षित आश्रय देने के साथ लोगों को जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने समाजसेवी अखिलेश सिंह के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है।मास्टर राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बाबा प्रथम देवस्थान पर अखिलेश सिंह के सानिध्य में प्रथम देवस्थान पर पंछी विहार पंछी घर का भूमि पूजन किया गया ।आधुनिक दौर में पेड़ों की कमी और लगातार बदलते पर्यावरण के कारण पक्षियों के प्राकृतिक आश्रय कम होते जा रहे हैं। ऐसे में पंछियों के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों में पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना और संरक्षण की भावना मजबूत होगी।अंकित गुप्ता ने कहा कि पंछी घर का निर्माण केवल एक भवन बनाने की पहल नहीं, बल्कि जीवों के प्रति मानवता और संवेदनशीलता का संदेश है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य लोग भी इस मुहिम से जुड़ेंगे और पंछियों के संरक्षण के लिए आगे आएंगे।इस अवसर पर मास्टर राजेंद्र सिंह, अखंड प्रताप सिंह, दीपक सिंह, अजय मौर्या, बलबीर, राम सिंह, सागर रस्तोगी, अंकित गुप्ता और दीपक मोदनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



