Azamgarh News:25 वर्षों से सेवा दे रहे टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित करने की मांग
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
25 वर्षों से सेवा दे रहे टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित करने की मांग
आजमगढ़ जनपद में शिक्षक दिवस के अवसर पर टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति उत्तर प्रदेश, जनपद आजमगढ़ के द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 25 वर्षों से कार्यरत टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को उत्तराखंड की तर्ज पर विधिक नियमावली बनाकर नियमित करने की मांग की है।
समिति के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि प्रदेश में लगभग 80 हजार शिक्षामित्र लंबे समय से बेसिक शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में शिक्षामित्र स्नातक, बीटीसी तथा टीईटी/सीटीईटी जैसी आवश्यक शैक्षिक योग्यताएं पूरी कर चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित शिक्षक का दर्जा और वेतनमान नहीं मिल रहा है।
समिति ने मांग की है कि उत्तराखंड में अपनाई गई प्रक्रिया का अध्ययन कर उत्तर प्रदेश में भी अर्ह टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों के नियमितीकरण के लिए विधिक नियमावली बनाई जाए। साथ ही आगामी शिक्षक भर्तियों में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को आयु सीमा में छूट, कार्यानुभव के आधार पर भारांक तथा मध्य प्रदेश की तर्ज पर 50 प्रतिशत सीटों का आरक्षण दिए जाने की मांग की गई है।
इसके अलावा नॉन-टीईटी शिक्षामित्रों को विभागीय टीईटी में शामिल होने का अवसर प्रदान करने की मांग भी उठाई गई है। समिति ने कहा कि 25 वर्षों के कार्यअनुभव और शैक्षिक योग्यताओं को देखते हुए सरकार इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए शासनादेश जारी करे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अवधेश सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कौशल कुमार दुबे, अवनीश कुमार चौबे, दूधनाथ मौर्य, राजेंद्र वर्मा, राममिलन प्रजापति,अजय कुमार, पंकज, अनुपमा सिंह, सुमन देवी, परमपत्ती देवी और पूनम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



