आजमगढ़:नाले में उलझा कस्बा,पीडब्ल्यूडी विभाग मस्त
The town is entangled in a drain, the PWD department is busy, the poor drainage system has become a problem for the people, dirty water is flowing on the road.
रानी की सराय/आजमगढ़। कस्बे में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नालियों की सफाई और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बरसात के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
कस्बे के काशीदास मंदिर के सामने नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। वहीं खाद समिति के सामने जलभराव से सबसे अधिक दिक्कत किसानों को हो रही है। खाद-बीज लेने पहुंचने वाले किसानों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
सोनवारा मोड़ से पटेल नगर तक भी जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई घंटे तक पानी सड़कों पर ठहरा रहता है। इससे वाहनों के आवागमन के साथ पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है।
शहीदवारा के पास भी यही हाल है। यहां भी पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर जलभराव हो जाता है। गंदे पानी के कारण आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को दुर्गंध तथा मच्छरों की समस्या से जूझना पड़ता है।
कागजों में व्यवस्था, जमीन पर समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई और जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि सड़क और नाली से जुड़ी समस्या को लेकर जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहते हैं, जबकि परेशानी आम जनता को उठानी पड़ रही है।
स्थायी समाधान की मांग
कस्बावासियों ने संबंधित विभाग से नालियों की तत्काल सफाई कराने, जलनिकासी के रास्ते खोलने और जहां आवश्यक हो वहां नई नाली का निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल बारिश के समय अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।कस्बावासियों का सवाल है कि जब हर बरसात में यही समस्या दोहराती है तो जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेगा?



