Azamgarh News:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*
*शिकायतों को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी — जिलाधिकारी*
आजमगढ़, 05 सितम्बर 2026//
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जांच अथवा संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजी जाए तथा शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर एवं त्वरित समाधान की आवश्यकता वाले प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई की जाए, जबकि अन्य शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही न हो। साथ ही, शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 42 शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी फूलपुर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



