मंडल रेल प्रबंधक ने आजमगढ़ एवं सठियांव स्टेशन का किया निरीक्षण
Divisional Railway Manager inspected Azamgarh and Sathiyawan stations.

आजमगढ़, 05 सितम्बर, 2026: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने आज 05 सितम्बर, 2026 को मंडलीय अधिकारियों के साथमऊ-आजमगढ़ रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आजमगढ़ एवं सठियांव स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने आजमगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, परिचालन में सहायक उपकरणों, प्रतीक्षालय, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटर तथा विभिन्न संरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, यात्री आरक्षण केंद्र, सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों, रिले रूम एवं आई.पी.एस. रूम की लॉकिंग व्यवस्था तथा अग्निशमन प्रबंध का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए स्टेशन में प्रवेश एवं उपलब्ध सुविधाओं, पार्किंग, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई तथा कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का जायजा लिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक ने सठियांव स्टेशन का यात्री सुविधा एवं संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, वीडर काउंटर, रिले रूम, लॉक एंड ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, एक्सल काउंटर एवं आई.पी.एस. रूम सहित विभिन्न संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया।
उन्होंने विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग रजिस्टर एवं स्टेशन वर्किंग रूल की जांच की। साथ ही गाड़ियों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन से संबंधित संरक्षा पहलुओं की जानकारी स्टेशन मास्टर से ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सदैव बेहतर बनाए रखने, पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा यात्री सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, संरक्षा उपकरणों एवं अभिलेखों का नियमित परीक्षण/अनुरक्षण करने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए, ताकि ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) श्री यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विधुत इंजीनियर(सामान्य) श्री कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री आशुतोष गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री आलोक श्रीवास्तव, मंडल इंजीनियर(सामान्य) लोकेश कुमार सागरवंशी,सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रामजी यादव, सहायक मंडल इंजीनियर (मऊ) श्री सुनील पाण्डेय, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री वीरेन्द्र कुमार बोनाल, सहित सम्बंधित वरिष्ठ पर्वेक्षक उपस्थित थे।



