Azamgarh News:सियार को आधा निगलकर चार दिन से धान के खेत में पड़ा अजगर, ग्रामीणों में दहशत

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सियार को आधा निगलकर चार दिन से धान के खेत में पड़ा अजगर, ग्रामीणों में दहशत
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत पटवध कौतुक गांव में विशालकाय अजगर के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पटवध कौतुक गांव निवासी राजाराम यादव के ट्यूबवेल के पास धान के खेत में पिछले करीब चार दिनों से अजगर पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि अजगर ने एक सियार को अपना शिकार बना लिया है और उसे करीब आधा निगलने के बाद वहीं पड़ा हुआ है।
धान की फसल के बीच अजगर के कई दिनों से पड़े होने के कारण आसपास के किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। विभाग के कई नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन कोई भी नंबर रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अजगर कब खेत से निकलकर आबादी की ओर चला जाए, इसे लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। खासकर खेतों के आसपास रहने वाले परिवारों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अजगर को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि ग्रामीणों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



