Azamgarh News:बिलरियागंज में पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती समारोह कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर दिया जोर
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज में पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती समारोह कार्यक्रम आयोजित, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर दिया जोर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज कस्बा स्थित बंधन मैरेज हॉल में बुधवार की दोपहर अखिल भारतीय प्रजापति कुम्हार महासभा फोरम के तत्वावधान में पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों ने प्रतिभाग कर डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के जीवन और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान समाज के उत्थान के लिए शिक्षा, सम्मान, एकजुटता और जागरूकता को आवश्यक बताया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय प्रजापति कुम्हार महासभा फोरम के राष्ट्रीय संरक्षक चुन्नीलाल प्रजापति रहे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। विशिष्ट अतिथियों में मोहिंदर प्रजापति, डॉ. सुरजीत, मंगेश प्रजापति, इंदल प्रजापति, रामअवध प्रजापति सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के जीवन, सामाजिक योगदान एवं उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही संभव है। इसलिए समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। वक्ताओं ने समाज में आपसी एकजुटता बनाए रखने, युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने तथा महिलाओं और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी लोगों को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने की आवश्यकता है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत भी बताई गई।
समारोह में उपस्थित लोगों ने संगठन की गतिविधियों एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक संगठन तभी मजबूत होते हैं, जब समाज के लोग आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं। शिक्षा के साथ युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
कार्यक्रम के आयोजन में सुरेंद्र प्रजापति, संतविजय, रामशरण, मनोज, कालिका सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन अंबिका प्रजापति ने किया। समारोह में घनश्याम प्रजापति, योगेंद्र प्रजापति, मूलचंद प्रजापति, रामअवध प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



