Azamgarh News:भारी बिजली कटौती से त्रस्त गोपालपुर की जनता, जयनाथ सिंह ने मुख्य अभियंता से तो हरिवंश मिश्रा ने जिलाधिकारी से की शिकायत
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भारी बिजली कटौती से त्रस्त गोपालपुर की जनता, जयनाथ सिंह ने मुख्य अभियंता से तो हरिवंश मिश्रा ने जिलाधिकारी से की शिकायत
भाजपा नेता हरिवंश मिश्रा ने भी जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित और अनियमित विद्युत कटौती से आम जनता की परेशानी बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनता की इस समस्या को देखते हुए भाजपा नेताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष आवाज उठानी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों से जुड़ी समस्याओं और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर मुख्य अभियंता से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति से मुख्य अभियंता को अवगत कराते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
जयनाथ सिंह ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम आदमी परेशान है। शाम होते ही कई क्षेत्रों में कटौती शुरू हो जाती है और रात में भी बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है। उन्होंने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता की समस्या को लेकर वह आगे भी संघर्ष करने के लिए बाध्य होंगे।
मुख्य अभियंता राम बाबू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं भाजपा नेता हरिवंश मिश्रा ने भी विद्युत विभाग की कथित लापरवाही और क्षेत्र में हो रही विद्युत कटौती को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा अनियमित कटौती पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
दोनों भाजपा नेताओं द्वारा अलग-अलग स्तर पर बिजली कटौती का मुद्दा उठाए जाने से यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की अनियमित कटौती का असर घर-परिवार से लेकर खेती-किसानी और छोटे कारोबार तक पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
जनता का कहना है कि बिजली केवल सुविधा नहीं बल्कि आज के समय में जीवन की आवश्यक जरूरत बन चुकी है। ऐसे में घंटों बिजली गुल रहने से गर्मी और उमस में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। उनका उद्देश्य विद्युत विभाग के अधिकारियों पर दबाव बनाकर व्यवस्था को बेहतर कराना और जनता को राहत दिलाना है। अब देखना होगा कि अधिकारियों के आश्वासन और ज्ञापन के बाद गोपालपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में कितना सुधार होता है।



