Azamgarh News:अब गांव से ही बनेगा टेक्नोलॉजी का हुनर, अतरौलिया में ‘नया प्रयोग टेक्नोलॉजी’ एवं ‘नया प्रयोग मीडिया’ का भव्य शुभारंभ

अब गांव से ही बनेगा टेक्नोलॉजी का हुनर, अतरौलिया में ‘नया प्रयोग टेक्नोलॉजी’ एवं ‘नया प्रयोग मीडिया’ का भव्य शुभारंभ

अतरौलिया। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीक और सॉफ्टवेयर से जुड़ी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में अतरौलिया में नई पहल शुरू हुई है। मदियापार मोड़ से करीब सौ मीटर पश्चिम बुधवार को ‘नया प्रयोग टेक्नोलॉजी’ एवं ‘नया प्रयोग मीडिया’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पूर्व परिवहन आयुक्त चुन्नी लाल प्रजापति और संस्थान के संचालक हरेंद्र प्रजापति के पिता एवं पूर्व एसएसओ सुखराम प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर संस्थान का उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि पूर्व परिवहन आयुक्त चुन्नी लाल प्रजापति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की ट्रेनिंग शुरू करना साहसिक और सराहनीय कदम है। पहले अभिभावकों को बच्चों को ऐसी शिक्षा दिलाने के लिए शहरों का रुख करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई परिवार ऐसा नहीं कर पाते थे। अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कम खर्च में अपने ही क्षेत्र में आधुनिक तकनीकी शिक्षा मिलने से उनके लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

संस्थान के संस्थापक एवं सॉफ्टवेयर इंजीनियर हरेंद्र प्रजापति ने बताया कि उन्होंने बीबीडी यूनिवर्सिटी से एमसीए (डेटा साइंस एवं एआई) की पढ़ाई पूरी करने के बाद हैदराबाद में कार्य किया। वर्क फ्रॉम होम के दौरान स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रोजेक्टों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम युवाओं की तलाश की तो क्षेत्र में योग्य प्रतिभाओं की कमी महसूस हुई। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से ‘नया प्रयोग एकेडमी’ की शुरुआत की गई। अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए ‘नया प्रयोग टेक्नोलॉजी’ की शुरुआत की गई है।

उन्होंने बताया कि युवाओं को लेटेस्ट टेक्नोलॉजी, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब एवं ऐप डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसी आधुनिक विधाओं का रोडमैप एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ओ-लेवल जैसे कंप्यूटर कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से बिना समय गंवाए अपना लक्ष्य निर्धारित कर सही दिशा में कौशल विकास पर ध्यान देने की अपील की।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय अगया के शिक्षक विजय यादव ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अतरौलिया जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की तकनीकी शिक्षा की शुरुआत महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे पहले सॉफ्टवेयर और प्रोग्राम डेवलपमेंट जैसी आधुनिक विधाओं से काफी हद तक अनभिज्ञ थे। अब उन्हें स्थानीय स्तर पर उच्च स्तर की कोडिंग और तकनीकी शिक्षा सरल तरीके से मिलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिल सकती है।

इस अवसर पर डॉ. शेषनाथ प्रजापति, पंकज प्रजापति, डॉ. अंजीत प्रजापति, डॉ. मोहित प्रजापति, डॉ. नरेंद्र प्रजापति, दिनेश प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button