Azamgarh News:2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार : केशव मौर्य*

*अखिलेश यादव पर तंज, बोले- सूप बोले तो बोले, चलनी को नहीं बोलना चाहिए*
ठेकमा।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को आजमगढ़ में कहा कि वर्ष 2027 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। आजमगढ़ में भी कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उपमुख्यमंत्री के दौरे में विकासशील और निर्माणाधीन परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण का कार्यक्रम भी शामिल था।
मुहम्मदपुर क्षेत्र के रानीपुर रजमों स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री निजामाबाद तहसील के गम्भीरपुर स्थित अवधेश कुमार मौर्य के आवास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जिले में चल रही विकास एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इसके बाद वह बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव पहुंचे। यहां भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर उनकी माता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
*अखिलेश पर साधा निशाना*
अखिलेश यादव के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि ”सूप बोले तो बोले, चलनी को नहीं बोलना चाहिए, क्योंकि उसमें 72 छेद हैं।” उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी सरकार में माफिया, नकल माफिया और भूमाफिया को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि इसी कारण सपा की पहचान भी उसी रूप में बनी थी।
केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में जो अपराध करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। आने वाले समय में भी कानून व्यवस्था के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
UCC को बताया वैचारिक मुद्दा
समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह भाजपा का वैचारिक मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार है, वहां इसे लागू किया जाएगा। जिन राज्यों में अभी भाजपा की सरकार नहीं है, वहां सरकार बनने के बाद UCC लागू किया जाएगा।
उन्होंने विपक्ष पर जातियों को आपस में लड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के दिमाग में कचरा भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
यूपीआई के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
यूपीआई को लेकर विपक्ष की ओर से किए जा रहे प्रचार के सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। गोंडा में हुई हत्या के बाद डॉ. संजय निषाद से नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात के संबंध में पूछे गए सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें कोई विशेष बात नहीं है। नेता अक्सर एक-दूसरे से मिलते रहते हैं।
2047 तक विपक्ष सत्ता में आने के बारे में सोचे : मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक उनकी एक पीढ़ी बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि तब तक कांग्रेस और सपा बचती हैं तो उसके बाद सत्ता में आने के बारे में सोचेंगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी और आजमगढ़ में भी कमल खिलेगा।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री का आजमगढ़ दौरा करीब डेढ़ से दो घंटे का निर्धारित था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गम्भीरपुर के बाद वह जिवली पहुंचे और इसके बाद आजमगढ़ से रायबरेली के लिए रवाना हुए। बताते चले कि गंभीरपुर से जीवली तक वनवे रोड घंटो किया गया और ट्रैफिक को रोक कर रखा गया।



