आजमगढ़:मंगरावाँ का युवक फर्जी सीओ बनकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करते गिरफ्तार
Azamgarh: Mangrawan youth arrested for posing as a fake CO and cheating people in the name of getting liquor contracts
आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावाँ निवासी एक युवक को पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी (सीओ) बनकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित से शराब का ठेका दिलाने के लिए ₹3.20 लाख की मांग की और ₹90 हजार नकद लिए थे। आरोपी की पहचान संजय पुत्र स्व. श्रीराम, निवासी मंगरावाँ, थाना गम्भीरपुर, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को प्राप्त शिकायत के आधार पर गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि संजय ने खुद को सीओ अधिकारी बताते हुए शराब का ठेका दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद 1 सितंबर को पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल की और स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया। बाद में जांच में उसके पुलिस अधिकारी न होने की पुष्टि हुई।
पुलिस वर्दी और फर्जी पहचान पत्र से बनाता था प्रभाव
पुलिस के अनुसार आरोपी सीओ/डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों से वीडियो कॉल करता था और खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताता था। वह अपने पद और प्रभाव का हवाला देकर शराब का ठेका, नौकरी सहित अन्य काम कराने का दावा करता था। फर्जी पुलिस पहचान पत्र और वर्दी के जरिए लोगों को विश्वास में लेकर उनसे रकम की मांग करने का आरोप है।संयुक्त टीम ने रानीपुर रजमों मोड़ से दबोचावरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्भीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना और आरोपी की लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी दोपहर करीब 12:10 बजे हुई।
ये सामान हुआ बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का एक कूटरचित आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी का एक सेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।आरोपी के खिलाफ गम्भीरपुर थाने में मु0अ0सं0 226/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2017 में भी धारा 420 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में गम्भीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल शनि कुमार और दुर्गेश कुमार तथा साइबर सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल श्याम कुमार और अमित सरोज शामिल रहे।



