Azamgarh news :आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी की रकम वापस, चोरी का गेहूं बरामद कर एक आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी की रकम वापस, चोरी का गेहूं बरामद कर एक आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिले में अपराध एवं साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को विभिन्न मामलों में सफलता मिली है। गम्भीरपुर और कंधरापुर थाना पुलिस की साइबर टीमों ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई, जबकि रौनापार पुलिस ने घर में ताला तोड़कर गेहूं चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गम्भीरपुर में 55 हजार की साइबर ठगी, 4,306.73 वापस

थाना गम्भीरपुर क्षेत्र के ग्राम मुडहर निवासी संगीता पत्नी हरीहर मौर्या के पंजाब नेशनल बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से ₹55,000 की साइबर ठगी हुई थी। पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹39,584.75 की धनराशि फ्रॉडस्टर के खाते में फ्रीज कराई। नियमानुसार कार्रवाई के बाद इसमें से ₹4,306.73 पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई है। शेष फ्रीज धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी है।

कंधरापुर में दो मामलों में ₹1.35 लाख से अधिक वापस

थाना कंधरापुर पुलिस की साइबर टीम ने दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को राहत पहुंचाई। पहले मामले में कपसा निवासी प्रदीप यादव के यूपी ग्रामीण बैंक खाते से ₹99,000 की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने ₹67,574 की धनराशि फ्रॉडस्टर के खाते में होल्ड कराई, जिसमें से ₹21,000 पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।वहीं, दूसरे मामले में आजमपुर निवासी राजेश मौर्य के बैंक ऑफ इंडिया खाते से ₹1,14,460 की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने 13 मार्च 2026 को तत्काल शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पूरी ₹1,14,460 की धनराशि फ्रॉडस्टर के खाते में होल्ड करा ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

रौनापार में गेहूं चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

थाना रौनापार पुलिस ने घर का ताला तोड़कर गेहूं समेत अन्य सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम आराजी अजगरा मगर्वी निवासी स्वामीनाथ दूबे ने 7 सितंबर की रात घर का ताला तोड़कर 20 कुंतल गेहूं, दो कुंतल सरसों, बर्तन और टिल्लू पंप चोरी किए जाने की सूचना दी थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।विवेचना के दौरान जनार्दन साहनी, आदित्य साहनी और सुरेन्द्र के नाम सामने आए। 20 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जनार्दन साहनी निवासी देवारा गरीब दूबे (अचल नगर) को आराजी अजगरा मगर्वी स्थित सोनू की मड़ई के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 4 कुंतल 35 किलोग्राम चोरी का गेहूं और ₹250 नकद बरामद किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों से अपील की है कि साइबर फ्रॉड होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के मुताबिक, ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से रकम को फ्रीज कराने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button