Azamgarh News:छह साल बाद मुंबई से आजमगढ़ लौटी अपहृता बरामद
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
छह साल बाद मुंबई से आजमगढ़ लौटी अपहृता बरामद
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत करीब छह साल पहले लापता हुई युवती को पुलिस ने सोमवार को कस्बा बिलरियागंज से बरामद कर लिया। युवती के परिजनों को सूचना देकर पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 2019 में बरोही फतेहपुर निवासी स्वेता उर्फ बिट्टू घर से बिलरियागंज स्थित स्कूल पढ़ने के लिए निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद उसकी मां की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 213/21, धारा 366, 504 व 507 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना एएचटीयू आजमगढ़ द्वारा की जा रही थी।
सोमवार को एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि युवती मुंबई से आजमगढ़ आई है और बिलरियागंज बाजार में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर की निशानदेही पर सुबह करीब 9:10 बजे युवती को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी करने वाली टीम में निरीक्षक निहार नन्दन कुमार एएचटीयू, उपनिरीक्षक अक्षयदीप कुमार, महिला आरक्षी हरिप्रिया सिंह और महिला आरक्षी कोमल शामिल रहीं।



