Azamgarh news :सेवा संकल्प अभियान में ‘नमो सेवा गाथा-अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक का हुआ मंचन

सेवा संकल्प अभियान में ‘नमो सेवा गाथा-अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक का हुआ मंचन

लोककला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का जन-जन तक पहुंचाया गया संदेश

महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाओं में राष्ट्र कल्याण, शांति एवं विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि हेतु की गई विशेष प्रार्थना

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल के पर्यवेक्षण में जनपद आजमगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में आज ‘नमो सेवा गाथा-अनकही कहानियां’ के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, निर्णयों तथा विकासपरक उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार

अभियान के अंतर्गत विधानसभा अतरौलिया के बड़ा बाबा स्थान सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने लोकभाषा, संवाद, गीत-संगीत एवं अभिनय के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि पात्र व्यक्ति सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें। प्रस्तुतियों में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनसेवा, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, किसानों के हित तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़े प्रयासों को सांस्कृतिक माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया गया।

कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनकी जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और वह उसका लाभ प्राप्त कर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सके।

जनपद की सभी 10 विधानसभाओं में होंगे 7-7 नुक्कड़ नाटक

‘नमो सेवा गाथा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद की सभी 10 विधानसभाओं में 7-7 नुक्कड़ नाटकों का मंचन संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। इस प्रकार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के गांवों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

इस पहल के माध्यम से एक ओर जहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर लोकनाट्य, लोकगीत एवं अन्य पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं को जनजीवन से जोड़ते हुए इनके संरक्षण एवं संवर्धन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

स्थानीय कलाकारों ने कहा कि लोककलाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। इनके माध्यम से जनसामान्य तक सामाजिक एवं विकासपरक संदेश सरल, सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचता है। कलाकारों ने लोककलाओं को प्रोत्साहन एवं मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

दुर्वासा ऋषि आश्रम में राष्ट्र कल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प के लिए महायज्ञ

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दुर्वासा ऋषि आश्रम में श्रद्धालुओं द्वारा महायज्ञ एवं विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए राष्ट्र कल्याण, शांति, समृद्धि तथा ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प की सिद्धि के लिए विशेष अनुष्ठान एवं प्रार्थना की।

महायज्ञ एवं प्रार्थना सभा में देश की निरंतर प्रगति, समाज में शांति एवं सौहार्द, सभी वर्गों के कल्याण तथा देश को विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक प्रयासों की सफलता की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने देश की उन्नति, जनकल्याण एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

जनभागीदारी से आगे बढ़ रहा सेवा संकल्प अभियान

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनपद में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटकों, महायज्ञ, प्रार्थना सभाओं, ग्राम चौपाल, जागरूकता कार्यक्रमों तथा अन्य जनभागीदारी गतिविधियों के जरिए आमजन को विकास एवं जनकल्याण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों एवं कलाकारों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे तथा पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। अभियान के माध्यम से ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ की भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने पर बल दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button