Mau news:दोस्तों के साथ बाइक से निकला ई-रिक्शा चालक लापता, पुलिस जांच में जुटी
Mau News: E-rickshaw driver who went out on a bike with friends goes missing, police engaged in investigation

ब्यूरो प्रमुख मऊ, अशोक श्रीवास्तव
Mau News:मऊ।मधुबन। थाना क्षेत्र के धर्मपुर विशुनपुर ग्राम पंचायत के लिलहवा निवासी रंजीत कुमार पुत्र रामविलास प्रसाद के 18 सितंबर की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता को लेकर परिजनों की तहरीर पर पुलिस उसकी तलाश में जुटने के साथ उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रंजीत के साथ देखे गए उसके तीन-चार दोस्तों से पूछताछ की है।
परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर को रंजीत कुमार सुग्गी चौरी स्थित एक अंडे की दुकान पर कुछ दोस्तों के साथ बैठा था। वहां अंडा खाने के दौरान मदिरा सेवन किए जाने की भी बात सामने आई। इसके बाद रंजीत को दोस्तों के साथ बाइक से जाते हुए कुछ लोगों ने देखा था। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।पूछताछ में दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रंजीत को वे लोग बेल्थरा रोड लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि रंजीत ने अपनी मोटरसाइकिल मरम्मत के लिए एक मैकेनिक को दी थी, जिसका करीब 22 हजार रुपये खर्च आया था। पैसे नहीं होने के कारण मोटरसाइकिल मैकेनिक के पास कथित तौर पर गिरवी रखी गई थी।
परिजनों का कहना है कि रंजीत को यह बताया गया था कि उसकी मोटरसाइकिल बेल्थरा रोड पुलिस के कब्जे में है और उसे छुड़ाने के लिए उसका वहां मौजूद होना जरूरी है। इसी बात के आधार पर वह दोस्तों के साथ बेल्थरा रोड गया।वहीं, पुलिस की पूछताछ में दोस्तों ने कथित तौर पर बताया कि इंदौली के पास नहर के समीप रंजीत अचानक नहर में कूद गया। हालांकि, रंजीत वास्तव में नहर में कूदा या उसके साथ कोई अनहोनी हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच और रंजीत की तलाश में जुटी है।रंजीत कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके लापता होने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस की जांच और तलाश के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।



