Azamgarh news :02 अक्टूबर को गांधी जयंती तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने किया बैठक
02 अक्टूबर को गांधी जयंती तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने किया बैठक

गांधी जी के विचारों, सत्य अहिंसा आदि आदर्शों से जनमानस को किया जाए जागरूक- जिलाधिकारी
गांधीवादी सिद्धान्तों व शिक्षाओं पर आयोजित होगा भाषण, निबंध, डीबेट एवं क्विज प्रतियोगिता
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती मनाये जाने की तैयारियों के सम्बम्ध में बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी ने डीआईओएस एवं बीएसए को निर्देश दिया कि सभी स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी का कार्यक्रम आयोजित कराया जाय। उक्त के अतिरिक्त सभी स्कूलों में स्वच्छता का कार्यक्रम भी आयोजित कराया जाए। जिलाधिकारी ने समस्त कार्यालयाध्यक्षों से कहा कि 02 अक्टूबर को सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा उसके तुरन्त बाद सभी कार्यालयों/विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं में वरिष्ठ अधिकारी, प्रधानाचार्य या अध्यक्ष द्वारा महात्मा गाँधी जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण कराया जाय तथा गाँधीजी के जीवन संघर्ष उनकी देश सेवा एवं उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाय। उन्होने कहा कि विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण संबंधी अंत्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता व अखण्डता के संबंध में उनके विचारों को संक्षेप में बताया जाय। उन्होने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत रहने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उनके घर जाकर शाल, नारियल एवं मार्ल्यापण कर सम्मानित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उक्त अवसर पर शहरी क्षेत्रों में समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी अभियान चलाकर साफ-सफाई करायें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्कूलों, कॉलेजों में गाँधीवादी जीवन दृष्टि का प्रचार-प्रसार, गाँधी जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों की वाद-विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाय। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि कि अपनी देख-रेख में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम कराया जाय। उन्होने कहा कि नगर/जनपद के विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक लोकगीत की प्रतियोगिता आयोजित करायी जाय।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि 02 अक्टूबर को चिकित्सालयों एवं कुष्ठ अस्पताल के मरीजों में फल वितरण कराया जाए। उन्होने कहा कि जिला कारागार में बंदियों को जेल अधीक्षक के माध्यम से फल का वितरण कराया जाये तथा गांधी जी के जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया जायें। उन्होने कहा कि जिला कुष्ठ नियंत्रण अधिकारियों द्वारा कुष्ठ रोगियों में निःशुल्क दवा का वितरण कैम्प लगाकर किया जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद द्वारा नगर के गांधी जी प्रतिमा सहित सभी महापुरूषों के प्रतिमाओं की सफाई एवं माल्यार्पण का कार्यक्रम कराना सुनिश्चित किया जाय। इसके अतिरिक्त पूरे शहर की व्यापक सफाई, चूना आदि का छिड़काव सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तथा ब्लाक मुख्यालय स्थित शहीद स्मारकों की साफ सफाई एवं मार्ल्यापण का कार्य जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को शहर के समीप क्षेत्रों की विशेष रूप से सफाई कराने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी 02 अक्टूबर को गाँधी जयन्ती समारोह शासनादेश में दिये गये निर्देशों के अनुसार गरिमामयी एवं उल्लासपूर्व तरीके से मनाया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा 02 अक्टूबर के सम्बन्ध में जारी किये जाने वाले निर्देशों का सभी विभागीय अधिकारी पालन करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, डीआईओएस अजय कुमार, एसीएमओ डॉ0 उमाशरण पाण्डेय, पुलिस विभाग सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



