Azamgarh News:सेवा संकल्प अभियान में आधे घंटे बाद ही खाली मिले विभागीय काउंटर

सेवा संकल्प अभियान में आधे घंटे बाद ही खाली मिले विभागीय काउंटर

समस्या लेकर पहुंचे फरियादी भटकते रहे, कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर नेताओं और ग्रामीणों में आक्रोश;

बीडीओ ने कहा- बारिश के कारण कम आए प्रार्थना पत्र, कर्मचारी लंच पर गए थे

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड सभागार में शुक्रवार को आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान उस समय सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, जब कार्यक्रम शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कई काउंटरों से कर्मचारी नदारद दिखाई दिए। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे ग्रामीण संबंधित कर्मचारियों को तलाशते नजर आए, जिससे उनमें नाराजगी देखने को मिली।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे। कार्यक्रम का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था। अभियान का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख श्रीमती उर्मिला यादव, बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय एवं श्री रामपाल सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान सभी व्यवस्थाएं सामान्य नजर आईं, लेकिन करीब आधे घंटे बाद कई काउंटरों पर कर्मचारी मौजूद नहीं मिले। समस्या लेकर पहुंचे लोगों को संबंधित विभाग के कर्मचारियों का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं और ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी।

लोगों का कहना था कि सरकार द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सेवा संकल्प जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में यदि निर्धारित समय के दौरान ही संबंधित कर्मचारी अपने काउंटरों पर उपलब्ध नहीं रहेंगे तो आम जन की समस्या का निस्तारण कैसे होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button