Azamgarh news:ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष बृज किशोर सिंह का आजमगढ़ आगमन पर भव्य स्वागत
Azamgarh news: Brij Kishore Singh, the newly elected provincial president of the Rural Development Ministerial Association, was given a grand welcome on his arrival in Azamgarh.
आजमगढ़। ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष बृज किशोर सिंह का सोमवार को जनपद आगमन पर कर्मचारियों और समर्थकों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। विगत 21 नवंबर 2026 को लखनऊ में संपन्न हुए चुनाव में प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उनकी जनपद वापसी पर रैदोपुर कॉलोनी स्थित निजी आवास से एक विशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस कलेक्ट्रेट चौराहे, आयुक्त कार्यालय और कृषि कार्यालय होते हुए विकास भवन प्रांगण पहुंचा, जहां एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत प्रांतीय अध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के 33 जनपदों और विकास खंडों में प्रशासनिक व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के रिक्त पदों को भरवाने की मांग को अगले दो महीनों के भीतर ग्राम विकास आयुक्त से लेकर मुख्यमंत्री तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आचार संहिता या अन्य कारणों से देरी होती है, तो आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन के माध्यम से भी कर्मचारी हितों की रक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने बीडीओ संवर्ग के साथ आपसी समन्वय बनाकर सरकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पूर्व संरक्षक गिरीश चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी महासंघ के मंडल अध्यक्ष रामजन्म प्रसाद रावत, लेखा संवर्ग के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



