Azamgarh News:सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत सभी विकास खण्डों में 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का जन प्रतिनिधियों ने किया भव्य शुभारम्भ

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत सभी विकास खण्डों में 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का जन प्रतिनिधियों ने किया भव्य शुभारम्भ
समस्त 22 विकास खण्डों में एक ही स्थान पर मिली विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं
सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत सभी विकास खण्डों में विभिन्न योजनाओं का दिखा उत्सव
ऑन-द-स्पॉट फार्म भरकर, पात्रता सत्यापन एवं स्वीकृति हेतु की गयी कार्यवाही, वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया
आजमगढ़, 25 सितम्बर 2026//
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत जनपद में ‘सेवा सेतु अभियान’ का जनपद के सभी 22 विकास खण्डों सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले का भव्य शुभारम्भ जन प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत लगाये गये बहुउद्देशीय शिविर व मेला का विकास खण्ड पल्हनी मंे जिलाध्यक्ष धु्रव कुमार सिंह, विकास खण्ड अतरौलिया में पूर्व जिलाध्यक्ष लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, विकास खण्ड मुहम्मदपुर में कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा सहित अन्य जन प्रतिनिधियों द्वारा व संबंधित विकास खण्ड में संबंधित ब्लाक प्रमुख द्वारा भव्य शुभारम्भ किया गया। समस्त जन प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जी द्वारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को भी विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर समाज की मुख्य धारा में जोड़ा जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र में आयोजित शिविर में ही योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार स्वीकृति की सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या एवं आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य ‘नागरिक से लाभार्थी तक’ की यात्रा को सरल, सुगम एवं त्वरित बनाना है। इसके लिए शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र व्यक्तियों के ऑन-द-स्पॉट आवेदन पत्र भरवाने, दस्तावेजों की जांच, पात्रता सत्यापन एवं नियमानुसार स्वीकृति की कार्यवाही सुनिश्चित की गयी।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/मेले में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गयी। शिविर में ऐसे पात्र नागरिकों को चिन्हित किया गया, जो किसी कारणवश अभी तक योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं। वंचित पात्र व्यक्तियों के मौके पर ही फार्म भरवाए गए तथा पात्रता का सत्यापन कर नियमानुसार शिविर की अवधि में ही स्वीकृति की कार्यवाही की गयी। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान में मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची से संबंधित कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गयी।
सेवा सेतु शिविर/मेले में स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन के स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श एवं विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं तथा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गयी। इस प्रकार शिविर को बहुउद्देशीय स्वरूप देते हुए नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत सभी विकास खण्ड सभागार/परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय स्टॉल/काउंटर लगाकर योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन की प्रक्रिया तथा लाभ प्राप्त करने से संबंधित जानकारी दी गयी। अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्ति की पहचान कर उसे योजना के लाभ से जोड़ते हुए सैचुरेट भी किया गया।



