Azamgarh News:मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा कर विकास योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा कर विकास योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

 

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार के लिए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 

मण्डल के तीनों बीएसए व समस्त बीईओ अधिकाधिक विद्यालयों का भ्रमण कर एमडीएम की मात्रा व गुणवत्ता करें सुनिश्चित- मण्डलायुक्त

 

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो- मण्डलायुक्त

 

मण्डलायुक्त ने विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश

 

योजनाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग, स्थलीय सत्यापन एवं पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाना सर्वाेच्च प्राथमिकता- मण्डलायुक्त

 

आजमगढ़ 25 अगस्त, 2026//

 

मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभिन्न विभागों की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग के आधार पर मण्डल के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मण्डलायुक्त ने विभिन्न योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष तेजी से कार्य करते हुए प्रगति में सुधार लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिये।

 

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने आशाओं के माध्यम से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा योजना की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करने को कहा।

 

आईसीडीएस की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों को निकटवर्ती सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने समस्त जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को अधिकाधिक क्षेत्रीय भ्रमण करते हुए योजनाओं की प्रभावी निगरानी एवं प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

 

मण्डलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत मण्डल के तीनों जनपदों में एसएनसीयू (स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट) में बेड की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होने सभी जनपदों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में अधिकाधिक पंजीकरण पर बल दिया।

 

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में जनपद मऊ एवं बलिया की प्रगति अपेक्षित स्तर से कम पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की एवं बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये गये। उन्होंने समस्त बीएसए एवं एबीएसए को परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा निरीक्षण के दौरान पायी गयी कमियों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने मण्डल के सभी बीएसए एवं बीईओ को निर्देशित किया कि विद्यालय भ्रमण के दौरान एमडीएम की मात्रा व गुणवत्ता का परीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने पर विशेष बल दिया।

 

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने उपायुक्त श्रम एवं समस्त सहायक श्रमायुक्तों को निर्देशित किया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र श्रमिकों के आवेदन कराये जाएं तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के साथ-साथ कन्या विवाह योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिये।

 

राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये की सहायता राशि की समीक्षा में जनपद बलिया की प्रगति न्यूनतम पाये जाने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकाधिक पात्र आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत करते हुए पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु के उपरांत मिलने वाली आर्थिक सहायता से संबंधित पात्र आवेदन अनावश्यक रूप से अस्वीकृत न किये जाएं तथा प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता एवं नियमानुसार परीक्षण किया जाए।

 

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किये जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उप निदेशक उद्यान को जनपद आजमगढ़ में एकीकृत बागवानी विकास मिशन एवं पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के अंतर्गत आवेदन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिये।

 

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने खराब ट्रांसफार्मरों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, वहां की स्थिति का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की कार्यवाही की जाए। लाइन लॉस कम करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा विद्युत बिल सुधार से संबंधित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने निर्धारित क्षेत्रवार रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने कृषि विभाग को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पेंडेंसी समाप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने वरासत से संबंधित डाटा प्राप्त कर एडीओ पंचायत के माध्यम से सत्यापन कराने तथा पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने को कहा।

 

प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का आवेदन किसी कारणवश निरस्त हुआ है तो उसका पुनः सत्यापन कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना के लाभ से वंचित न रहने पाये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आवास स्वीकृति के नाम पर धनराशि लिये जाने संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिये। उन्होंने दिव्यांगजनों का नियमित चिन्हीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। मतदाता सूची में दर्ज दिव्यांगजनों का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारियों को वृद्धाश्रमों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा पात्र वृद्धजनों को पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। नवीन वृद्धावस्था पेंशन के प्राप्त आवेदनों को शासन के निर्देशानुसार सात दिवस के भीतर स्वीकृत करने तथा वृद्धाश्रमों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं रूटीन चेकअप कराने के निर्देश भी दिये।

 

पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने विभाग द्वारा कराये जा रहे सभी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन कर सत्यापित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

 

निराश्रित गोवंश की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करते हुए मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत गोवंश का खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव हेतु टीकाकरण कराने को कहा। उन्होंने गौशालाओं में हरे चारे, भूसा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। पूर्व बैठकों में दिये गये निर्देशों के क्रम में गौशालाओं में ट्रेंच बनाकर वृक्षारोपण कराने में लापरवाही तथा शत-प्रतिशत पशुओं की ईयर टैगिंग न कराये जाने पर मण्डलायुक्त ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, मऊ से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पशुओं से संबंधित सभी आंकड़े एवं रिपोर्टिंग पूर्णतः सही एवं अद्यतन होनी चाहिए। सहभागिता योजना के अंतर्गत दिये गये शत-प्रतिशत पशुओं का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अवैध रूप से संचालित चिकित्सकों, अस्पतालों एवं क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई एवं सीज करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम करने पर विशेष जोर दिया।

ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपेन जिम के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने लक्ष्य के सापेक्ष ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिये।

 

इसके अतिरिक्त मण्डलायुक्त द्वारा पं. दीनदयाल सोलर स्ट्रीट लाइट, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राज्य योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, सीएम युवा, ओडीओपी टूलकिट वितरण, बागवानी, कृषि रक्षा रसायन, बीज डीबीटी, सड़क निर्माण, 15वें एवं 5वें वित्त आयोग, ऑपरेशन कायाकल्प, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, नई सड़कों का निर्माण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मत्स्य उत्पादन, प्रोजेक्ट अलंकार, शादी अनुदान, पंचायती राज, पीएम कुसुम, पीएम फसल बीमा योजना, मनरेगा, भवन निर्माण, दुग्ध समितियों एवं सामाजिक वनीकरण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी।

 

मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में अपेक्षित सुधार लाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित अनुश्रवण एवं स्थलीय सत्यापन के माध्यम से योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

 

बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया ज्ञानेंद्र सिंह, अपर आयुक्त प्रमोद पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़, मऊ एवं बलिया, संयुक्त विकास आयुक्त सहित मण्डल एवं जनपद स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button