Azamgarh News:आंधी-बारिश का कहर: क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, तीन लोग बाल-बाल बचे

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आंधी-बारिश का कहर: क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, तीन लोग बाल-बाल बचे

33 हजार की विद्युत लाइन समेत कई पोल और पेड़ धराशायी,

आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर घंटों आवागमन प्रभावित

आजमगढ़ जनपद में शनिवार की सुबह तेज आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया।

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास करीब 10 बजे सड़क से गुजर रही एक क्रेटा कार के ऊपर अचानक विशाल पीपल का पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ के नीचे कार पूरी तरह दब गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।

कार में चालक वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो तथा करीब 10 वर्षीय बच्चा जोहैर खान, निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज, सवार थे। बताया गया कि तीनों बच्चे के ऑपरेशन के सिलसिले में जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे।

अचानक पेड़ कार के ऊपर गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस, ग्रामीणों तथा वन विभाग की टीम द्वारा पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया गया।

वहीं तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर क्षेत्र के कई स्थानों पर देखने को मिला। पटवध, सरैया बाजार, श्रीनगर समेत आसपास के गांवों में कई पेड़ धराशायी हो गए। चार-पांच विद्युत पोल भी गिर गए, जबकि 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

लगातार तेज हवा और बारिश के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि क्रेटा कार पर पेड़ गिरने की घटना में तीनों लोगों के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button